बदायूं के दहेमू गांव के जंगल में लगी भीषण आग, सैकड़ों पेड़-पौधे जलकर राख
बदायूं जिले के थाना उझानी क्षेत्र के दहेमू गांव के जंगल में शनिवार एक बजे के आसपास अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल में लगे सैकड़ों पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, पीआरवी 112 व कछला पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीण भी बाल्टियों और पानी के साधनों की मदद से आग पर काबू पाने में जुट गए । कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका । ग्रामीणों के अनुसार जंगल में सूखी घास और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस घटना में वन संपदा को भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
0 Comments