सीबीजी प्लांट में दिनदहाड़े दोहरा हत्याकांड, प्रबंधक व उप प्रबंधक को गोलियों से भूना
📍 मूसाझाग / दातागंज
गुरुवार को मूसाझाग क्षेत्र के गांव सैंजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट में दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। एक हमलावर ने प्लांट परिसर में घुसकर प्रबंधक और उप प्रबंधक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा के रूप में हुई है। अचानक हुई गोलीबारी से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
🔎 पूर्व कर्मचारी पर शक
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे प्लांट के एक पूर्व कर्मचारी का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि वह पहले प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था, लेकिन कुछ समय पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद से उसका प्रबंधन से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रबंधक और उप प्रबंधक को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं और इस संबंध में पहले भी मुकदमे दर्ज किए गए थे।
🚔 पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दातागंज और मूसाझाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे प्लांट परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
✍️ उप संपादक: राघव ठाकुर
📡 NEWS NATION EXPRESS
0 Comments