राममय हुई नगरी, गूंजे जयकारे – भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकली
उझानी : नगर आज पूरी तरह राममय हो उठा। कामधेनु गौशाला की ओर से निकाली गई मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात ने नगर में अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। सजावटी झांकियों, आकर्षक स्वरूपों और बैंड-बाजों के साथ जब बारात नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी तो पूरा क्षेत्र जय-जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। मुख्य मार्गों पर तोरण द्वार सजाए गए थे
, वहीं दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के आगे भगवान श्री राम के स्वरूपों का पूजन कर पुष्पवर्षा और प्रसाद वितरण किया। समाजसेवियों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को जलपान, फल, चाय, कॉफी और बिस्कुट वितरित किए। राम दरबार की झांकी में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान के स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। बारात का शुभारंभ भाजपा विधायक हरीश शाक्य, पूर्व राज्य मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, भाजपा नगराध्यक्ष सचिन अग्रवाल, हर्षवर्धन लोधी आदि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
बारात अहिरटोला खेड़ापति मुहल्ले से प्रारंभ हुई। सबसे आगे भगवान श्रीराम से अंकित विशाल पताकाएं लिए बच्चे चल रहे थे, तो उनके पीछे लव-कुश घोड़ों की लगाम थामे हुए थे। श्री गणेश, शिव-पार्वती, भारत माता और नंदी की झांकियों के साथ बैण्डबाजे वाद्ययंत्रों पर भक्तिमय धुनें बजा रहे थे। डीजे की ताल पर युवा थिरकते चल रहे थे, वहीं एटा से आए प्रशिक्षित घोड़ों की प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। रामबारात के स्वागत में घरों की छतों और गलियों में महिलाओं-बच्चों की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। नगर को रोशनी और सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया था। बारात गौतमपुरी, किलाखेड़ा, साहूकारा, बाजारकला, नझियाई, कछला रोड, घंटाघर चौराहा, रेलवे रोड होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां भव्य मंच से भगवान राम की बारात का स्वागत-सत्कार किया गया। कार्यक्रम में कामधेनु गौशाला अध्यक्ष रतन जिंदल, रामलीला समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार वार्ष्णेय, राजकुमार बंसल, अभिषेक बंसल, पूर्व सभासद अरुण अग्रवाल, प्रवीण मित्तल, ध्रुव तुल्स्यान, संजय मित्तल, सिद्धार्थ गोयल, मनीष गोयल, अरुण कुमार शर्मा ‘कल्लू’, कृपाराम शर्मा, संयोजक अभिषेक वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगरवासियों के लिए यह दृश्य अद्वितीय और ऐतिहासिक रहा। भगवान श्रीराम की भव्य बारात ने नगरवासियों को धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अलौकिक अनुभव कराया।
जिला हेड रिपोर्टर सिंह की रिपोर्ट उझानी बदायूं
SOCIAL PLUGIN (PLEASE FOLLOW US)