Ticker

10/recent/ticker-posts

BJP में बड़े बदलाव की कवायद।


लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी अपने खराब प्रदर्शन के बाद से लगातार उत्तर प्रदेश में चर्चा में बनी हुई है। पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद कारणों पर खूब मंथन हुआ। भाजपा अपने मजबूत गढ़ में कैसे हारी? इसके पीछे का एक कारण जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच न जाना भी रहा। भाजपा की ओर से चुनाव परिणाम की समीक्षा के क्रम में यह मुद्दा बड़े स्तर पर उभर कर सामने आया था। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक बदलावों की प्रक्रिया शुरू करने के संकेत दिए हैं। साथ ही, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में भी बदलाव की संभावना बढ़ गई है। पार्टी के कई बड़े चेहरों को अहम जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं।

भाजपा के लिए जमीन पर काम करने और रिजल्ट देने वाले नेताओं का भी भाग्य खुल सकता है। संगठन से लेकर योगी मंत्रिमंडल तक ऐसे नेताओं को जगह दिए जाने की संभावना है। वहीं, योगी मंत्रिमंडल में शामिल कुछ मंत्रियों का कद घटाया जा सकता है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की एक बार फिर योगी मंत्रिमंडल में वापसी हो सकती है।


प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर भी कई नामों की चर्चा धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। इसमें योगी सरकार में एक मंत्री का नाम भी खासी चर्चा में है। यूपी चुनाव 2027 से पहले उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार को मजबूत दिखाने की कवायद के तहत अहम बदलाव की तैयारी है। माना जा रहा है कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।