Ticker

6/recent/ticker-posts

बदायूं में दूसरी बार धूमधाम से मनाया गया हिन्दी पत्रकारिता दिवस, वरिष्ठ पत्रकारों और मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान.


बदायूं में दूसरी बार धूमधाम से मनाया गया हिन्दी पत्रकारिता दिवस, वरिष्ठ पत्रकारों और मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

बदायूं, 30 मई। हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर बदायूं के विभिन्न पत्रकार संगठनों ने संयुक्त रूप से दूसरी बार भव्य कार्यक्रम आयोजित कर पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को याद किया। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली पब्लिक स्कूल, आवास विकास, बदायूं में किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों, पत्रकार परिवारों के मेधावी छात्रों तथा पत्रकारिता जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन (आईरा), ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन तथा नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (बदायूं) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर "बदलते समय में पत्रकारिता" विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। साथ ही 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पत्रकारों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया तथा पत्रकारों के परिवारों के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं आयोजकों द्वारा मां सरस्वती एवं अमर शहीद पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और समाज का दर्पण है। पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाते हैं, जिससे उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा कोलकाता से प्रथम हिन्दी समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन किया गया था, जिसकी स्मृति में प्रतिवर्ष हिन्दी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार संजय रस्तोगी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा कार्य बन गया है। पत्रकारों को सत्य और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करने चाहिए तथा समाज को जागरूक करने के अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव ने पत्रकार संगठनों की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि यह एकता पत्रकारों की ताकत को बढ़ाएगी और उन्हें समाज व राष्ट्रहित में निर्भीक होकर लिखने की प्रेरणा देगी।

वरिष्ठ पत्रकार विवेक खुराना ने कहा कि पत्रकारों को स्वयं को कमजोर नहीं समझना चाहिए, क्योंकि कलम में अपार शक्ति होती है। सत्य के मार्ग पर चलने वाली पत्रकारिता बड़े से बड़े भ्रष्टाचार को उजागर करने का सामर्थ्य रखती है।

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल निष्पक्ष पत्रकार ही नहीं, बल्कि समाजसेवी, स्वतंत्रता सेनानी और कुशल राजनेता भी थे। उनके आदर्श आज भी पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम संयोजक सचिन भारद्वाज ने कहा कि जिले के सभी पत्रकार संगठनों का एक मंच पर आना पत्रकारों की सामूहिक शक्ति का प्रतीक है, जिससे पत्रकारों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक मजबूती से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।


इस अवसर पर दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार शरद शंखधार, ओमवीर सिंह, विवेक खुराना सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पत्रकारों को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया, वहीं पत्रकार परिवारों के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का संचालन रविंद्र मोहन सक्सेना ने किया। अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल के निदेशक संदीप भारती ने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए भोज का आयोजन कराया।

कार्यक्रम में जिले के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : NEWS NATION EXPRESS
बदायूं ब्यूरो

Post a Comment

0 Comments