उझानी रेलवे स्टेशन के पास तेज आंधी में गिरा विशालकाय पाखड़ का पेड़, यातायात बाधित
📍 उझानी (बदायूं):
जनपद बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे आई तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। आंधी के दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पाखड़ का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान वहां से कोई बड़ा वाहन या भीड़ नहीं गुजर रही थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवाओं के कारण क्षेत्र में कई अन्य स्थानों पर भी पेड़ और बिजली के खंभे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पुराने और कमजोर पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
✍️ रिपोर्ट: जयपाल सिंह, जिला हेड रिपोर्टर, बदायूं
0 Comments