कछला गंगा स्नान जा रहे ई-रिक्शा सवारों को कंटेनर ने मारी टक्कर, 8 घायल
चार की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
बदायूं। थाना उझानी क्षेत्र के कस्बा उझानी स्थित मोहल्ला गंज शहीदा पंखा रोड निवासी श्रद्धालु मंगलवार सुबह ई-रिक्शा से कछला गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान बरेली-मथुरा हाईवे पर इटऊआ गांव के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवारों समेत चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों में 52 वर्षीय ओमवती पत्नी किशन बाबू, 30 वर्षीय सचिन साहू पुत्र किशन बाबू, 22 वर्षीय सुधा साहू पुत्री किशन बाबू, 26 वर्षीय काजल साहू पत्नी सचिन साहू, 5 वर्षीय क्रिश साहू पुत्र सचिन साहू, 7 वर्षीय परी साहू पुत्री सचिन साहू, 3 वर्षीय अवनी पुत्री सचिन साहू तथा गांव बुर्रा फरीदपुर निवासी 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक संजू पुत्र अजयपाल शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी लोग मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे ई-रिक्शा बुक कर कछला गंगा घाट स्नान के लिए निकले थे। तभी इटऊआ गांव के पास तेज गति से आ रहे कंटेनर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने ओमवती, सचिन, काजल और ई-रिक्शा चालक संजू की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी पर किया गया।
हादसे के बाद कछला चौकी पुलिस ने कंटेनर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
📰 जिला हेड रिपोर्टर : जयपाल सिंह | बदायूं
0 Comments