भाकियू भानु का धरना प्रदर्शन, आश्वासन के बाद समाप्त
बदायूं (उझानी): मंगलवार को कस्बा उझानी स्थित बिजली घर पर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अतुल तोमर ने किया।
धरने के दौरान जिलाध्यक्ष अतुल तोमर ने बताया कि हसुपुर बहेड़िया गांव के किसानों के नलकूपों को पहले वितरोई फीडर से बिजली आपूर्ति मिलती थी। लेकिन अधिक लोड और लो-वोल्टेज की समस्या के चलते अधिशासी अभियंता द्वारा 17 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर बहेड़िया गांव सहित चंदौरा के 37 नलकूपों को मुजरिया बिजली घर से जोड़ने के निर्देश दिए गए थे।
किसानों का आरोप है कि लाइनमैन ने कुछ लोगों से मिलीभगत कर केवल चुनिंदा नलकूपों को ही जोड़ा, जबकि अन्य किसानों को जानबूझकर परेशान किया गया। आरोप यह भी है कि बाकी नलकूपों की लाइन चोरी से हटाई गई और दो खंभे तक तोड़ दिए गए, जिससे कई किसानों को बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इसके कारण उनकी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता एस.पी. गौतम और एसडीओ प्रशांत वाष्र्णेय मौके पर पहुंचे। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
अधिशासी अभियंता ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान बुधवार तक कर दिया जाएगा। साथ ही जिन लाइनमैनों के खिलाफ शिकायत मिली है, उनके विरुद्ध विभागीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष ठाकुर अतुल तोमर, जिला संगठन मंत्री अनिल सोलंकी सहित बड़ी संख्या में किसान और यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: जयपाल सिंह
जिला हेड रिपोर्टर, बदायूं
0 Comments