Ticker

6/recent/ticker-posts

बदायूं: दोहरे हत्याकांड का आरोपी मामा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली.


बदायूं: दोहरे हत्याकांड का आरोपी मामा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

बदायूं। थाना कादरचौक क्षेत्र में हुए चर्चित मां-बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी वीरसिंह को पुलिस ने मंगलवार शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, थाना कादरचौक क्षेत्र के बखतपुर गांव निवासी संतोषी पत्नी मलखान पिछले करीब 10 वर्षों से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थीं। 15 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनके भाई वीरसिंह ने घरेलू विवाद के चलते अपनी बहन संतोषी और 24 वर्षीय भांजे आकाश पर तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संतोषी ने 17 जुलाई को सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।


मंगलवार शाम थाना कादरचौक पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भदरौल तिराहे के जंगल के पास आरोपी वीरसिंह से आमना-सामना हो गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जबकि सिपाही आकाश चौहान के बाएं हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

पुलिस ने घायल आरोपी और घायल सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments