दातागंज पुलिस ने 5 घंटे में खोजे दो लापता बच्चे, सकुशल परिजनों को सौंपा
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, क्षेत्रभर में हो रही सराहना
बदायूं। जनपद बदायूं के दातागंज क्षेत्र में पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। डहरपुर गांव के दो नाबालिग बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही दातागंज पुलिस तत्काल हरकत में आई और महज पांच घंटे के भीतर दोनों बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डहरपुर गांव निवासी 12 वर्षीय आबिद पुत्र बाबू हसन एवं 13 वर्षीय अनस पुत्र इसरुब अचानक लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद दातागंज पुलिस ने बिना समय गंवाए खोजबीन शुरू कर दी।
तलाश अभियान में कांस्टेबल पवन चौधरी तथा डायल-112 पर तैनात कांस्टेबल विपिन कुमार एवं राजेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम ने आसपास के गांवों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर लगातार सघन खोज अभियान चलाया। टीम के अथक प्रयासों का परिणाम रहा कि दोनों बच्चों को मात्र पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित घर लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल बन गया और परिजनों ने पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
दातागंज क्षेत्र के नागरिकों ने भी पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है। क्षेत्र में दातागंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की व्यापक चर्चा हो रही है और लोग पुलिस टीम की कार्यशैली की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं।
— NEWS NATION EXPRESS
0 Comments