Ticker

6/recent/ticker-posts

बदायूं में पुलिस मुठभेड़—वांछित अभियुक्त घायल, तमंचा व कारतूस बरामद.


🟥 ब्रेकिंग न्यूज़ | News Nation Express

बदायूं में पुलिस मुठभेड़—वांछित अभियुक्त घायल, तमंचा व कारतूस बरामद
रिपोर्ट: जिला हेड रिपोर्टर जयपाल सिंह
बदायूं: जनपद के उझानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे छतुईया फाटक से बाईपास जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति के किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में होने की सूचना मुखबिर खास के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जगमेन्दर और उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की।


तलाशी के दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने अचानक पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी और खेतों की ओर भागने लगा। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल अवस्था में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम श्रीपाल पुत्र छोटे, निवासी मोहल्ला नझियाई, कस्बा व थाना उझानी, जनपद बदायूं बताया। पुलिस के मुताबिक आरोपी थाना उझानी का एनबीडब्ल्यू (NBW) वांछित अभियुक्त है और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा मौके से एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घायल अभियुक्त को पुलिस निगरानी में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
👉 News Nation Express
सच, सटीक और सबसे तेज खबर

Post a Comment

0 Comments