बदायूं में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी डकैत ढेर, दरोगा और सिपाही घायल हुए
बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार की रात करीब नौ बजे वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में पचास हजार रुपये का इनामी डकैत जीतेंद्र उर्फ डालू मारा गया। मुठभेड़ में उपनिरीक्षक नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी भी घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों और डकैत को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पुलिस ने पूरे अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया.
बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र के थाना पुलिस बुधवार की रात बिल्सी मोड़, नई जेल के लिए प्रस्तावित भूमि के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध बदमाश को रोकने का प्रयास किया, इस पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सीने में गोली लगी थी। मुठभेड़ में दरोगा और सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए। तत्काल पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
जहां चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जीतेंद्र उर्फ डालू (38 वर्ष) के रूप में हुई। वह वर्तमान में संभल जिले में रह रहा था, वैसे मूलरूप से धौलाना, जिला हापुड़ का रहने वाला था।
बदायूं की SSP अंकिता शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ में मारा गया बदमाश 18-19 मई की रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र में निजाकत के घर हुई डकैती के प्रकरण में मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) था। इस डकैती कांड में पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि जीतेंद्र उर्फ डालू फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में घायल हुए उपनिरीक्षक नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बदमाश के पास से सेमीऑटोमेटिक पिस्टल, कई कारतूस बरामद हुए हैं। एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
0 Comments