मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त")
BREAKING NEWS
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...

सहसवान में तड़के बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, छह लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए.


सहसवान में तड़के बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, छह लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए

सुबह पांच बजे चला विशेष चेकिंग अभियान, कटिया डालकर बिजली जलाने वालों के खिलाफ एफआईआर की तैयारी

सहसवान। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली विभाग ने मंगलवार तड़के पांच बजे विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान छह लोगों को सीधे केबल डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। विभाग ने सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर विभागीय अधिकारियों ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया। उपखंड अधिकारी जयप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने तड़के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। टीम में अवर अभियंता आशुतोष त्रिपाठी, अवर अभियंता विनोद कुमार और तकनीकी कर्मचारी हरिपाल सहित अन्य विद्युतकर्मी शामिल रहे।

चेकिंग के दौरान छह व्यक्तियों को बिजली की लाइन पर अवैध रूप से केबल डालकर विद्युत का उपयोग करते हुए पाया गया। विभागीय टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी के मामले दर्ज किए। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और नियमानुसार जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बिजली चोरी करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए आगे भी लगातार औचक चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। अवैध रूप से बिजली जलाते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।

विभाग की इस तड़के हुई कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में खलबली मच गई है।

Join the conversation