जनपद स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा में सुमित एवं प्रिंस ने मारी बाजी.
जनपद स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा में सुमित एवं प्रिंस ने मारी बाजी
आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आगरा में आज जनपद स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में माध्यमिक स्तर पर तहसील स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित 34 छात्र-छात्राओं तथा बेसिक स्तर पर विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित 52 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय नाजिरपुरा, फतेहपुर सीकरी के सुमित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, माध्यमिक स्तर पर जनता इंटर कॉलेज, खेरागढ़ के प्रिंस राजपूत प्रथम स्थान पर रहे।
उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरैठा, जगनेर के नैतिक ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय धनौली, अकोला के अनिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक स्तर पर भदावर विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बाह की अनुष्का द्वितीय तथा डीएवी इंटर कॉलेज, कुंडोल के हेमंत तोमर तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर डायट आगरा के उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य विजय प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। साथ ही, उन्हें अपने ज्ञान को अद्यतन रखने और अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बेसिक स्तर पर विकासखंड तथा माध्यमिक स्तर पर तहसील स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 15 अक्टूबर को किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय परीक्षा में प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 3,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 1,000 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में मूल्यांकनकर्ता एवं कक्ष निरीक्षक का दायित्व प्रवक्ता लक्ष्मी शर्मा एवं एस.बी. आरती ने निभाया। समापन अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता ललित मोहन पाल एवं विजय सिंह ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रवक्ता हिमांशु सिंह, यशवीर सिंह, कल्पना सिन्हा, यशपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, संजीव कुमार सत्यार्थी, अबु मुहम्मद आसिफ, रंजना पांडेय, रचना यादव, प्रशासनिक अधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा, लाल बहादुर सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने किया।
Join the conversation