मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त")

आदर्श जूनियर हाईस्कूल सहसवान में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती.



आदर्श जूनियर हाईस्कूल सहसवान में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती

सहसवान (बदायूं)। कस्बा सहसवान स्थित आदर्श जूनियर हाईस्कूल में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक डॉ. सविता मालपाणी ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।


विद्यालय के मंत्री प्रेमस्वरूप ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पिंकी, प्रियंका, काजल और रिमझिम सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और सिद्धांतों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य हेम सिंह ने 2 अक्टूबर के राष्ट्रीय महत्व को बताते हुए सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता और देशसेवा का संदेश दिया। वहीं, विद्यालय की विधिक सलाहकार शालिनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के विचारों एवं जीवन मूल्यों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताओं और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक निमिष माहेश्वरी ने किया।

अंत में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: मोहम्मद फहीम खान
NEWS NATION EXPRESS

Join the conversation