मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त")
🔴 BREAKING NEWS
ताजा खबरें लोड हो रही हैं...

कछला गंगा घाट पर शरद पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब.


कछला गंगा घाट पर शरद पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कछला (बदायूं)। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर शनिवार सुबह से ही कछला स्थित मां गंगा के घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हो गए। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

शरद पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते बदायूं सहित आसपास के जनपदों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कछला गंगा घाट पहुंचे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान किया। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और सुख-शांति की प्रार्थना की।


पर्व के चलते गंगा घाट पर सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने गंगा स्नान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। श्रद्धालुओं की भीड़ से घाट पर रौनक दिखाई दी और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कछला चौकी इंचार्ज अविनाश पुंडीर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से गहरे पानी में न जाने की अपील करते रहे। घाट पर गोताखोरों के साथ ही कई थानों का पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट, उत्तर प्रदेश।

Join the conversation