उझानी में स्व. रूपराम पहलवान स्मृति दंगल का भव्य समापन, पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेच.
उझानी में स्व. रूपराम पहलवान स्मृति दंगल का भव्य समापन, पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव-पेच
शामली के काली पहलवान ने लखनऊ के बॉबी पहलवान को दी पटखनी, विजेता को 31 हजार और उपविजेता को मिले 21 हजार रुपये
उझानी (बदायूं)। उझानी में आयोजित स्वर्गीय रूपराम पहलवान स्मृति दंगल का तीसरे दिन रोमांचक मुकाबलों के साथ भव्य समापन हो गया। दंगल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम, फुर्ती और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए जोरदार मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक उमड़े।
दंगल के तीसरे दिन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती मुकाबलों का शुभारंभ कराया। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे कुश्तियों का सिलसिला शुरू हुआ। अखाड़े में पहलवानों ने एक-दूसरे को चित करने के लिए तरह-तरह के दांव-पेच आजमाए। हर रोमांचक मुकाबले पर दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
काली पहलवान ने बॉबी पहलवान को दी शिकस्त
दंगल का सबसे प्रमुख मुकाबला शामली के काली पहलवान और लखनऊ के बॉबी पहलवान के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया और अपने शानदार दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबले के अंत में शामली के काली पहलवान ने लखनऊ के बॉबी पहलवान को पटखनी देकर जीत अपने नाम कर ली।
दंगल कमेटी की ओर से विजेता काली पहलवान को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता बॉबी पहलवान को 21 हजार रुपये की धनराशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देना दंगल का उद्देश्य
दंगल के आयोजक हरवंश पहलवान ने बताया कि स्वर्गीय रूपराम पहलवान की स्मृति में आयोजित इस पारंपरिक दंगल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवा पीढ़ी को कुश्ती की समृद्ध परंपरा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर आयोजक हरवंश पहलवान, योगेश प्रताप सिंह, रेफरी रामदास यादव, रेफरी विजेंद्र पहलवान, ग्रीशपाल सिंह सिसौदिया, किशनचंद्र शर्मा, हरीश यादव, उर्वेश यादव और राजवीर यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: जयपाल सिंह, स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश
Join the conversation