बदायूं में शराब की दुकानों में चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और अवैध चाकू बरामद.
बदायूं में शराब की दुकानों में चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और अवैध चाकू बरामद
कादरचौक, बदायूं। कादरचौक थाना पुलिस ने शराब की दुकानों में नकब लगाकर चोरी करने के मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की शराब, पांच हजार रुपये की नकदी, एक बाइक, 12 बोर का तमंचा, दो कारतूस और तीन अवैध चाकू बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने शुक्रवार को चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
भोजपुर गांव के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी सूरज, करन, अभिषेक और बादल के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच के आधार पर शराब की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं से आरोपियों के संबंध की जानकारी जुटा रही है।
सितंबर और अक्टूबर में शराब की दुकानों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 22 सितंबर को ककोड़ा गांव स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में नकब लगाकर 35 हाफ बोतल चोरी की थीं। इसके बाद 9 अक्टूबर को असरासी गांव की देशी शराब की दुकान से शराब की पेटियां, बीयर और करीब 25 हजार रुपये चोरी किए जाने का मामला सामने आया था।
इसके अलावा कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव लखापुर और पटियाली क्षेत्र में भी शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
शराब, नकदी, बाइक और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 पीएम, आफ्टर डार्क ब्लू, ग्रैंड मास्टर और मिस इंडिया ब्रांड की शराब के टेट्रा पैक, 100 पाइपर्स की एक बोतल, पांच हजार रुपये की नकदी और एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की है। इसके साथ ही पुलिस ने 12 बोर का तमंचा, दो कारतूस और तीन अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
न्यायालय के समक्ष पेश किए गए आरोपी
पुलिस ने शुक्रवार को शाम करीब चार बजे के आसपास चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट: जयपाल सिंह
स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश
#KadarChowkNews #BudaunNews #कादरचौक #बदायूं_पुलिस #चोरी_का_खुलासा #PoliceNews #CrimeNews #उत्तरप्रदेशसमाचार #NewsNationExpress
Join the conversation