मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त")

उझानी में झंडी पूजन के साथ ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ, हनुमान-गणेश की भव्य शोभायात्रा निकली.


उझानी में झंडी पूजन के साथ ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ, हनुमान-गणेश की भव्य शोभायात्रा निकली

नगर में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत

उझानी, बदायूं। नगर की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। मोहल्ला खेड़ापति में श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी की ओर से विद्वान वेदाचार्यों द्वारा सर्वप्रथम भगवान गणेश का पूजन कराया गया। इसके बाद ऐतिहासिक झंडी का पूजन कर रामलीला की परंपरागत शुरुआत की गई।

पूजन के उपरांत बजरंगबली और भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे बजरंगबली का रथ चल रहा था। शोभायात्रा के निकलते ही पूरे नगर में उत्सव का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं के बीच रामलीला शुरू होने का उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान की आरती उतारकर प्रसाद वितरित किया। इस दौरान पूरा नगर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

वर्षों पुरानी परंपरा का आज भी हो रहा निर्वहन

बुजुर्गों के अनुसार, उझानी की ऐतिहासिक रामलीला में झंडी पूजन और भगवान गणेश की पूजा की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। मान्यता है कि मोहल्ला खेड़ापति में पूजन के बाद भगवान श्रीराम के मंच पर जन्म की लीला संपन्न होती है। इसके पश्चात राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता और हनुमान जी के स्वरूप धारण करने वाले बच्चों का हवन-पूजन एवं आरती की जाती है। फिर उन्हें रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाता है।

राजसी वस्त्रों में दर्शन देंगे राम दरबार के स्वरूप

परंपरा के अनुसार, राम दरबार की रथयात्रा प्रतिदिन बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण पर निकलती है। बाजार में जगह-जगह दुकानदार और श्रद्धालु भगवान के बाल स्वरूपों की आरती उतारते हैं तथा प्रसाद वितरित करते हैं। नगर भ्रमण के बाद रथ दूसरे मार्ग से होते हुए पुनः मोहल्ला खेड़ापति पहुंचता है।

रामलीला के दौरान पहले पांच दिन राम बारात तक भगवान के बाल स्वरूप राजसी वस्त्रों में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। इसके बाद वनवास लीला से भगवान के स्वरूप पीले वनवासी वस्त्रों में नजर आएंगे। यह परंपरागत क्रम भगवान श्रीराम के राजतिलक तक जारी रहेगा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद

शोभायात्रा के अवसर पर कामधेनु गौशाला कमेटी के अध्यक्ष रतन कुमार जिंदल, रामलीला कमेटी के महामंत्री अरविंद शाक्य, कोषाध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष धनसुख अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप सक्सेना, ललित कुमार वार्ष्णेय, अनमोल गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, अर्जित जैन, राजेंद्र प्रसाद बाबा, देवेश गुलाटी, सुनील सचदेवा, दीपक वार्ष्णेय, धर्मवीर यादव और विवेक राष्ट्रवादी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट, उत्तर प्रदेश

NEWS NATION EXPRESS

Join the conversation