बदायूं में प्रसव के दौरान 28 वर्षीय महिला की मौत, वार्ड आया पर 30 हजार रुपये लेने का आरोप.
बदायूं में प्रसव के दौरान 28 वर्षीय महिला की मौत, वार्ड आया पर 30 हजार रुपये लेने का आरोप; निजी अस्पताल सीज
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में प्रसव के दौरान 28 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने जिला महिला अस्पताल में तैनात एक वार्ड आया पर सामान्य प्रसव कराने का झांसा देकर 30 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वार्ड आया को हिरासत में ले लिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित निजी अस्पताल को सीज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदायूं के थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव सगराय निवासी सुधीर कुमार साहू की 28 वर्षीय पत्नी मोनी साहू गर्भवती थीं। सुधीर कुमार अपनी पत्नी को गर्भावस्था के दौरान जांच और इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल ले जाते थे। इसी दौरान वहां गुड़िया नाम की एक महिला वार्ड आया से उनकी मुलाकात हुई। आरोप है कि गुड़िया ने सामान्य प्रसव कराने का भरोसा दिलाया था।
प्रसव के नाम पर 30 हजार रुपये लेने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, रात के समय वे मोनी को बदायूं के पक्का बाग मोहल्ले में स्थित गुड़िया के घर लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां प्रसव कराने के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद प्रसूता को थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में बिजनौर हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह निजी अस्पताल में मोनी को मृत घोषित कर दिया गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के वहां से चले जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने वार्ड आया को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जिला महिला अस्पताल की वार्ड आया गुड़िया को हिरासत में ले लिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित निजी अस्पताल को सीज कर दिया है।
पैनल से कराया गया पोस्टमार्टम, जांच जारी
पुलिस ने मोनी साहू के शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रसव के दौरान महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
मोनी साहू की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है।
स्टेट हेड: जयपाल सिंह
रिपोर्ट: उत्तर प्रदेश
Join the conversation