प्रशिक्षु शिक्षकों ने धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस.
प्रशिक्षु शिक्षकों ने धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आगरा में शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशों के क्रम में सभी डीएलएड प्रशिक्षुओं एवं डायट स्टाफ को राज्य शिक्षक सम्मान समारोह तथा माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डीएलएड प्रशिक्षु शिक्षकों द्वारा संस्थान में समारोहपूर्वक शिक्षक दिवस मनाया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बॉलीवुड क्विज एवं म्यूजिकल चेयर गेम का भी आयोजन किया।
बॉलीवुड क्विज प्रतियोगिता में डॉ. प्रज्ञा शर्मा की टीम ‘वेलकम’ ने प्रथम तथा अनिल कुमार की टीम ‘इंस्पायर’ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में प्रवक्ता संजीव कुमार सत्यार्थी विजेता रहे।
प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह भर दिया। प्रियंका मौर्य ने प्रभावशाली स्पीच प्रस्तुत की, जबकि श्यामवीर ने कविता पाठ कर समां बांध दिया।
इस अवसर पर उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डायट आगरा विजय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक को अपने आचरण में उन सभी मूल्यों को धारण करना चाहिए, जिन्हें वह अपने विद्यार्थियों में देखना चाहता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का व्यक्तित्व और आचरण विद्यार्थियों के जीवन पर गहरा प्रभाव डालता है।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य विजय प्रताप सिंह ने डायट के समस्त प्रवक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समापन अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता विजय सिंह ने उपस्थित समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षु अभय सिंह एवं सजल चौधरी ने किया। इस अवसर पर प्रवक्ता यशवीर सिंह, डॉ. मनोज वार्ष्णेय, हिमांशु सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, रंजना पांडे, लक्ष्मी शर्मा, धर्मेंद्र प्रसाद गौतम, अबू मोहम्मद आसिफ, यशपाल सिंह, डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा सहित समस्त डायट स्टाफ उपस्थित रहा।
Join the conversation