मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त")
BREAKING NEWS

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर घायल.


गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर घायल

वजीरगंज/बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को पिकअप वाहन को रिवर्स करते समय पीछे से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वजीरगंज में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव बररई निवासी महेश (26) पुत्र उदयवीर सिंह अपने पिकअप वाहन संख्या UP 38 T 4879 से जलालाबाद से चंदौसी की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के रैंप नंबर 173 के पास पहुंचने पर चालक रास्ता भटक गया और वाहन को पीछे करने लगा।

इसी दौरान उसी लेन में पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक महेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर ट्रक की तलाश शुरू की और उसे रैंप नंबर 46 पर गांव करनपुर के पास पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट, उत्तर प्रदेश

Join the conversation