घरेलू विवाद में पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या, गांव में मची सनसनी.
घरेलू विवाद में पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या, गांव में मची सनसनी
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के बिहट गांव में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहट गांव निवासी आशीष और उसकी पत्नी मोहिनी (36) के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मंगलवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आशीष ने धारदार हथियार से मोहिनी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहिनी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जांच के लिए पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी रात में घटनास्थल पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, आशीष और मोहिनी ने करीब 14 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे और दो बेटियां हैं।
स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश
Join the conversation