मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त")
BREAKING NEWS

मीना के जन्मोत्सव पर सजा उच्च प्राथमिक विद्यालय रिसौली, बच्चों ने काटा केक.



मीना के जन्मोत्सव पर सजा उच्च प्राथमिक विद्यालय रिसौली, बच्चों ने काटा केक

रिसौली (अंबियापुर)। उच्च प्राथमिक विद्यालय रिसौली में गुरुवार, 24 सितंबर को मीना का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक झालरों से सजाया गया, जिससे पूरा विद्यालय उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

जन्मोत्सव के अवसर पर प्रधानाध्यापिका किरण सिंह सिसौदिया ने विद्यालय के सभी बच्चों को आकर्षक ताज पहनाए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक मीना के जन्मदिन समारोह में भाग लिया और केक काटकर जन्मोत्सव मनाया। केक कटते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम के दौरान सितंबर माह में जन्म लेने वाले विद्यालय के सभी बच्चों को विशेष रूप से शुभकामनाएं दी गईं। उन्हें केक खिलाकर आशीर्वाद दिया गया तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की गई।

विद्यालय के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता की। शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर पूरे कार्यक्रम को यादगार बनाया। इस दौरान विद्यालय में खुशी, उत्साह और अपनत्व का वातावरण देखने को मिला।

विद्यालय परिवार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में खुशी, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और विद्यालय के प्रति जुड़ाव की भावना को बढ़ावा देते हैं। मीना के जन्मोत्सव का यह आयोजन बच्चों के लिए आनंद और उत्साह से भरा यादगार अवसर रहा।

इस अवसर पर किरण, रामौतार, विवेक, सुनील, मृदुला और सर्वेश सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट, उत्तर प्रदेश

Join the conversation