बदायूं: विवाहिता की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायका पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप.
बदायूं: विवाहिता की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायका पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
उझानी। थाना उझानी क्षेत्र के अब्दुल्लागंज गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दहेज हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना उझानी क्षेत्र के बसोमा गांव निवासी लोकचंद ने अपनी 22 वर्षीय बेटी करिश्मा की शादी करीब 28 महीने पहले अब्दुल्लागंज गांव निवासी सुंदरलाल के बेटे राजीव के साथ की थी।
मायका पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग करिश्मा से चैन और अंगूठी की मांग कर रहे थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। मायका पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि करिश्मा की तबीयत खराब होने के बावजूद उसका उचित इलाज नहीं कराया गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 5 बजे करिश्मा की घर पर ही मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना की सूचना तत्काल मायका पक्ष को नहीं दी। किसी माध्यम से जानकारी मिलने के बाद परिजन अब्दुल्लागंज पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को करीब 2 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना उझानी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मृतका के पति राजीव को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।
स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश
Join the conversation