मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त ")

उझानी में अढौली रेलवे क्रॉसिंग का बूम ई-रिक्शा की टक्कर से टूटा, हादसे के बाद मचा हड़कंप.


उझानी में अढौली रेलवे क्रॉसिंग का बूम ई-रिक्शा की टक्कर से टूटा, हादसे के बाद मचा हड़कंप

उझानी/बदायूं। थाना उझानी क्षेत्र के अढौली रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार को करीब साढ़े 11 बजे एक ई-रिक्शा की टक्कर से रेलवे क्रॉसिंग का बूम टूट गया। अचानक हुए हादसे के बाद क्रॉसिंग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश उसकी टक्कर क्रॉसिंग के बूम से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बूम क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही।

घटना की जानकारी रेलवे कर्मचारियों को दी गई। सूचना मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बूम टूटने के कारण रेलवे क्रॉसिंग की व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हालांकि, रेलवे कर्मचारियों द्वारा ट्रेनों के आवागमन को देखते हुए क्रॉसिंग पर साइड बूम की व्यवस्था कर दी गई है। इसके चलते ट्रेनों के गुजरने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आ रही है। रेलवे कर्मचारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश

Join the conversation