मल्टीमीडिया न्यूज एजेंसी (“सरकारी पंजीकरण प्राप्त ")

हजरतगंज के पास ट्यूशन जा रही दो छात्राओं को ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल.


हजरतगंज के पास ट्यूशन जा रही दो छात्राओं को ट्रक ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल

उझानी/बदायूं। थाना उझानी क्षेत्र के हजरतगंज गांव के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल से ट्यूशन जा रही दो छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर के बाद छात्राओं की साइकिल ट्रक में फंस गई और ट्रक चालक काफी दूर तक साइकिल को घसीटता हुआ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, थाना मुजरिया क्षेत्र के तिगोड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय रिया पुत्री सुधीर और 15 वर्षीय रिचा पुत्री प्रमोद उझानी क्षेत्र के बुटला दौलत गांव स्थित आरवीएस यादव इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। रिया इंटर की छात्रा है, जबकि रिचा कक्षा 9 में अध्ययनरत है। दोनों आपस में चचेरी-तहेरी बहनें हैं।

सोमवार सुबह दोनों छात्राएं साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रही थीं। इसी दौरान हजरतगंज गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनकी साइकिल ट्रक में फंस गई।

बताया जा रहा है कि ट्रक चालक साइकिल को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया और इसके बाद मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को तत्काल उपचार के लिए उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी पर चिकित्सकों ने दोनों छात्राओं की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

वहीं, घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने भाग रहे ट्रक को राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास से पकड़ लिया और उसे थाने ले आई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

स्टेट हेड जयपाल सिंह की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश

Join the conversation