Ticker

6/recent/ticker-posts

*सांसद खेल महोत्सव का महाराजा छात्रसाल स्टेडियम में आयोजन*

रोशनी आनंद वि. सिंह -पन्ना-पवई-

पवई। नगर के महाराजा छात्रसाल स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें खजुराहो–पन्ना सांसद वी.डी. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। खेल महोत्सव के अंतर्गत पवई विधानसभा क्षेत्र के पवई, मोहंद्रा, सिमरिया, शाहनगर, कल्दा, बिसानी एवं मंडल से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खेल महोत्सव के दौरान वॉलीबॉल, फुटबॉल, रस्साकशी, खो-खो, कबड्डी सहित अन्य खेलों की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए खिलाड़ी सुबह 10 बजे से ही स्टेडियम पहुंच गए थे और दिनभर विभिन्न मुकाबलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। फाइनल मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों को सांसद के आगमन तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए सांसद वी.डी. शर्मा अपराह्न 3:30 बजे महाराजा छात्रसाल स्टेडियम पहुंचे। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा रिकॉर्डेड स्वागत गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों का स्वागत, उद्बोधन एवं खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। मंचीय कार्यक्रम लगभग आधे घंटे तक चला।मंचीय कार्यक्रम के दौरान पवई के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने महाराजा छात्रसाल स्टेडियम की बाउंड्रीवाल निर्माण, खेल मैदान के विकास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर सांसद महोदय से मांग की गई। खिलाड़ियों ने बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिससे क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।कार्यक्रम  में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।सांसद खेल महोत्सव के आयोजन से क्षेत्रीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हुआ और युवाओं में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments