मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में मना देवोत्थान एकादशी पर्व, श्रद्धालुओं की पूजा अर्चना
बदायूं : रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में देवोत्थान एकादशी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर गंगे और जय श्री हरि के जयघोष से पूरा मेला क्षेत्र गुंजायमान रहा। भक्तों ने भगवान विष्णु के चार माह के शयन के बाद जागरण के प्रतीक इस पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना की। गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंदी, धूप, दीप और तुलसी दल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने व्रत का पालन किया। गंगा स्नान के बाद भक्तों ने हवन, भजन-कीर्तन और दीपदान कर लोककल्याण की कामना की। शाम होते ही पूरे मेला क्षेत्र में हजारों दीपों की रोशनी से अलौकिक दृश्य बन गया। गंगा तट पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, सामाजिक संस्थाओं और साधु-संतों ने मिलकर सामूहिक आरती का आयोजन किया। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा से देश, समाज और मानवता की समृद्धि की प्रार्थना की। गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि देवोत्थान एकादशी भगवान विष्णु के जागरण का ही नहीं, बल्कि मानव चेतना के जागरण का भी प्रतीक है। जब व्यक्ति अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलता है, तभी वास्तविक जागरण होता है। इस दिन हमें न केवल पूजा-अर्चना करनी चाहिए, बल्कि अपने जीवन में सत्कर्मों का आरंभ करने का संकल्प भी लेना चाहिए। शिक्षक प्रेमपाल सिंह ने कहा कि देवोत्थान एकादशी आत्मसंयम, अनुशासन और कर्त्तव्य पालन का पर्व है। जब मनुष्य अपनी आत्मा को जाग्रत करता है, तभी समाज में परिवर्तन संभव होता है। हर व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर समाज में सद्भाव और एकता का संदेश देना चाहिए। मेले में साधु-संतों ने प्रवचन के माध्यम से देवोत्थान एकादशी का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन नई शुरुआत, नवचेतना और सकारात्मक सोच का प्रतीक है। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु, मां गंगा और मां ककोड़ा देवी की पूजा-अर्चना की। मेला क्षेत्र में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह चिकित्सा शिविर, जलपान केंद्र और लाउडस्पीकर से सूचना प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। रात होते-होते गंगा किनारे भक्ति की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। हजारों दीपों की रोशनी में गंगा का प्रवाह स्वर्णिम नजर आ रहा था। डेरा तंबू में भी देवोत्थान एकादशी पर भक्तों ने भगवान विष्णु और मां गंगा से अपने जीवन में शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की।
इस मौके पर मुनीश सिंह, तरुण पटेल, संगीता, रागिनी, पायल, सुगंध, सत्यपाल सिंह, नन्ही देवी, उदयवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
जिला हेड रिपोर्टर जयपाल सिंह की रिपोर्ट बदायूं
SOCIAL MEDIA PLATFORMS (PLEASE FOLLOW US)